कोटड़ा स्कूल का नाम राजकीय सिंधी उ.मा.विद्यालय कोटड़ा करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने के निर्देश
ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर में राजकीय मॉडल बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुन्दर विलास को सावित्री प्राथमिक विद्यालय के भवन में शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। इसके भवन की मरम्मत पर 55 लाख रूपए खर्च होंगे, जो शीघ्र स्वीकृत करवा देंगे। कोटड़ा में नवनिर्मित स्कूल में दो स्कूलों को मर्ज किया जा रहा है। श्री देवनानी ने बताया कि इसका नाम राजकीय सिंधी उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटड़ा करने का प्रस्ताव भी भेजा जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर सर्किट हाउस शिक्षा अधिकारियों की में ये निर्णय लिए। श्री देवनानी ने बताया कि मॉडल स्कूल को शिफ्ट करने से शहर में बालिका शिक्षा को बड़ा सम्बल मिलेगा। देवनानी ने अधिकारियों से शहर में जीर्ण-शीर्ण विद्यालयों व कक्षों के बारे में विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि बारिश के समय किसी तरह की दुर्घटना न हो, इसके लिए जर्जर भवनों की मरम्मत कराई जाए। पीडब्ल्यूडी भी इस दिशा में काम करें।
उन्होंने शिक्षा विभाग एवं अजमेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से डीएमएफटी फंड से स्कूलों में होने वाले विकास कार्यों की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि 5 करोड़ रूपए से होने वाले यह विकास कार्य जल्द शुरू करवाएं जाएं ताकि विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके। श्री देवनानी ने विधायक कोष से स्कूलों में होने वाले कामों की भी समीक्षा की।
विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों से स्कूलों के सैकण्डरी बोर्ड परीक्षा परिणाम की भी जानकारी ली तथा स्कूल स्टाफ का मूल्यांकन भी इस आधार पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने नामांकन बढ़ाने के भी निर्देश दिए जिससे कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहे। आंगनबाड़ी आ रहे बच्चों में से स्कूल जाने लायक उम्र के बच्चों का नामांकन करने के निर्देश दिए। इसके लिए शिक्षक स्कूल समय के अतिरिक्त क्षेत्र में संपर्क कर बच्चों को शिक्षा से जोड़ें।